
04 August 2026
स्वामी शुकदेवानंद विश्वविद्यालय के अधिष्ठाता छात्र कल्याण प्रो. कमलेश गौतम ने आर्य महिला स्नातकोत्तर महाविद्यालय का भ्रमण कर शैक्षणिक एवं प्रशासनिक गतिविधियों का अवलोकन किया तथा छात्राओं को शिक्षा, अनुसंधान, नवाचार और कौशल विकास के लिए प्रेरित किया।
आज दिनांक 04 अगस्त 2026 को महाविद्यालय परिसर में महोदय प्रो कमलेश गौतम जी, अधिष्ठाता छात्र कल्याण, स्वामी शुकदेवानंद विश्वविद्यालय का गरिमामय आगमन हुआ। महाविद्यालय की प्राचार्य प्रो सुरचना त्रिवेदी जी एवं समस्त शिक्षकगण एवं शिक्षणेत्तर कर्मचारियों ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका आत्मीय स्वागत एवं अभिनंदन किया।
अपने आगमन के दौरान उन्होंने महाविद्यालय की शैक्षणिक एवं प्रशासनिक गतिविधियों का अवलोकन किया तथा विभिन्न विभागों का निरीक्षण किया। उन्होंने शिक्षकों एवं छात्राओं से संवाद स्थापित करते हुए गुणवत्तापूर्ण उच्च शिक्षा, राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के प्रभावी क्रियान्वयन, अनुसंधान संस्कृति, नवाचार, कौशल विकास तथा छात्राओं के समग्र व्यक्तित्व निर्माण पर विशेष बल दिया।
उन्होंने ने महाविद्यालय में संचालित शैक्षणिक, सांस्कृतिक एवं शोध गतिविधियों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे संस्थान छात्राओं को उत्कृष्ट शिक्षा के साथ-साथ नैतिक मूल्यों एवं सामाजिक उत्तरदायित्व के प्रति भी जागरूक बनाते हैं। उन्होंने छात्राओं को लक्ष्य के प्रति समर्पित रहकर निरंतर अध्ययन, अनुसंधान एवं कौशल विकास के माध्यम से राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया।
महाविद्यालय की प्राचार्य प्रो सुरचना त्रिवेदी जी ने डीन महोदय प्रो कमलेश गौतम जी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनका मार्गदर्शन महाविद्यालय के लिए अत्यंत प्रेरणादायक एवं उपयोगी है तथा इससे संस्था की शैक्षणिक गुणवत्ता को और अधिक सुदृढ़ बनाने में सहायता मिलेगी। इस अवसर पर महाविद्यालय के सभी विभागाध्यक्ष, समस्त शिक्षकगण, शिक्षणेत्तर कर्मचारी एवं छात्राएँ उपस्थित रहीं।









